आगर मालवा। जनगणना-2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) के तहत कलेक्टर प्रीति यादव के निर्देशन में फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण 3 अप्रैल को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रगणकों को जनगणना प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न प्रश्नों एवं उनके संभावित उत्तरों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही प्रतिभागियों को एचएलओ (हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन) एप के संचालन का व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिससे फील्ड में डेटा संकलन कार्य को अधिक सटीक और सुगम बनाया जा सके।
प्रशिक्षण के अंतर्गत नगर पालिका आगर के विभिन्न वार्डों में समूह बनाकर एचएलओ हाउस लिस्टिंग का भौतिक अभ्यास भी कराया गया। इस दौरान प्रशिक्षुओं को वास्तविक परिस्थितियों में सर्वेक्षण कार्य का अनुभव दिलाया गया। मास्टर ट्रेनर इरफान खान एवं पुष्पेंद्र गौर ने प्रतिभागियों को सर्वेक्षण की प्रक्रिया, उत्तरदाताओं से संवाद की विधि तथा एप में जानकारी दर्ज करने की सही तकनीक समझाई।
इस अवसर पर जनगणना प्रभारी सुनील कुमार जैन, कैलाश कुंभकार, धर्मेंद्र पाठक, मुख्य नगर पालिका अधिकारी डोडवे सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।