चित्तौड़गढ़। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत गंगरार थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 150 ग्राम एमडीएमए (मिथाइलिनडायऑक्सी मेथामफेटामाइन) जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक, उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एएसपी (मुख्यालय) सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी गंगरार शिवन्यासिंह के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।

शुक्रवार को एनएच-48 सर्विस रोड स्थित कोर्ट पुलिया के पास गंगरार में नाकाबंदी के दौरान एक सफेद बोलेरो कैंपर को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक वाहन मोड़कर भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

वाहन में सवार दो युवकों की पहचान शैतान गुर्जर (27), निवासी देवनगर, थाना पुष्कर, जिला अजमेर तथा पवन मेघवंशी (22), निवासी किशनगढ़, थाना गांधीनगर, जिला अजमेर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से सेलोटेप में लिपटा एमडीएमए पाउडर बरामद हुआ, जिसका वजन 150 ग्राम पाया गया।

पुलिस ने मादक पदार्थ एवं बोलेरो कैंपर जब्त कर दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। प्रकरण में मादक पदार्थ के स्रोत और अन्य संलिप्त आरोपियों के संबंध में जांच जारी है।

कार्रवाई टीम-
थानाधिकारी श्यामाराम, एएसआई रमेशचंद्र, हेड कांस्टेबल युवराज सिंह, कांस्टेबल सुनील, देवकिशन। जिला स्पेशल टीम- एएसआई अजयपाल सिंह, रणवीर सिंह, कांस्टेबल नारायण लाल, महेश, छोटू सिंह, बहादुर सिंह।

पुलिस की अपील-
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारकोटिक हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।
