खरगोन। शनिवार को राज्यपाल मंगुभाई पटेल जिले के प्रवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने सनावद रोड स्थित अस्पताल में सिकल सेल यूनिट का शुभारंभ किया और भर्ती मरीजों से संवाद किया।
जनजातीय जीवन रक्षा एवं सिकल सेल हितैषी संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सिकल सेल एनीमिया के उन्मूलन के लिए समाज के हर व्यक्ति का योगदान जरूरी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2047 तक इस बीमारी के उन्मूलन का लक्ष्य रखा है, जिसे जनभागीदारी से ही हासिल किया जा सकता है।
राज्यपाल ने अपील की कि लोग अपने आसपास पीड़ित मरीजों के उपचार और पोषण में सहयोग करें। विशेष रूप से आदिवासी समाज में विवाह से पहले शासन द्वारा जारी डिजिटल (जेनेटिक) कार्ड का मिलान करने की सलाह दी, ताकि बीमारी के प्रसार को रोका जा सके।
अपने उद्बोधन में उन्होंने 42 साल पुरानी भावुक याद साझा करते हुए बताया कि गुजरात में कॉरपोरेटर रहते हुए उन्होंने इस बीमारी की त्रासदी को करीब से देखा था, जब इलाज के बावजूद एक बच्चे और एक मासूम बच्ची की जान नहीं बचाई जा सकी।
उन्होंने कहा कि सिकल सेल रोग के उन्मूलन के लिए जनजागरूकता, जेनेटिक काउंसलिंग और नियमित स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी है। खासकर गर्भवती महिलाओं और शिशुओं की समय पर जांच को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ानी होगी।
कार्यक्रम को राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी और विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर कलेक्टर भव्या मित्तल, एसपी रविन्द्र वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।