आगर मालवा। राज्य शासन द्वारा संचालित “स्कूल चले हम अभियान” के अंतर्गत शासकीय माध्यमिक विद्यालय भदवासा में ‘भविष्य से भेंट’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक पवन स्वर्णकार विद्यालय पहुंचे एवं विद्यार्थियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी शिक्षक धर्मेन्द्र जैन से विद्यालय संचालन एवं विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की गई। कार्यक्रम में संस्था के शिक्षक नारायणलाल नागदिया, सूर्यकांत गालवश्री, मेहरबान सिंह मालवीय, अतिथि शिक्षक राहुल जैन एवं श्याम लाल शर्मा सहित समस्त विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।
मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का किया निरीक्षण-
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत विद्यार्थियों को प्रदान किए जा रहे मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। इस दौरान रसोईया काली बाई, गौरा बाई, कुशाल बाई एवं सीता बाई से भोजन के मीनू, गुणवत्ता एवं स्वच्छता संबंधी विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बच्चों से रोचक संवाद, प्रतिभाओं को मिला सम्मान-
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के साथ संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों ने कहानियाँ सुनाईं तथा पूछे गए प्रश्नों के उत्साहपूर्वक उत्तर दिए। छात्र-छात्राओं दिव्या, संयम, बिजेन, विरेन्द्र, वंदना, भावना, रुद्रप्रताप एवं योगेश ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को पवन स्वर्णकार द्वारा प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार प्रदान किए गए।
विद्यालय की स्वच्छता एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था से प्रभावित होकर श्री स्वर्णकार ने पूरे विद्यालय परिवार की सराहना करते हुए हार्दिक साधुवाद ज्ञापित किया।