उज्जैन। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत विकासखंड घट्टिया के बिछड़ोद सेक्टर स्थित ग्राम रुणजी में वर्ष 1614 में निर्मित परिहार वंश की प्राचीन बावड़ी (चोपड़ा) की श्रमदान के माध्यम से साफ-सफाई की गई।
इससे पूर्व श्री हनुमान मंदिर में आयोजित चौपाल में जनपद पंचायत घट्टिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गुमान सिंह मुजाल्दे ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भूजल स्तर लगातार गिर रहा है और समय रहते जागरूक नहीं हुए तो भविष्य में गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने सभी ग्रामीणों से जल स्रोतों की सफाई, गहरीकरण एवं वर्षा जल संचयन के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। जिला समन्वयक जय दीक्षित ने भी अभियान में अधिक से अधिक सहभागिता करने की अपील की।
कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों ने रैली निकालकर जल संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक मोहन सिंह परिहार, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी रितेश सोनी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।