चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट डॉ. मंजू ने शनिवार शाम को सांवलियाजी सामान्य चिकित्सालय तथा महिला एवं बाल चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के सख्त निर्देश दिए तथा गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल, वेंटिलेशन एवं फायर सेफ्टी सहित सभी व्यवस्थाएं सुचारु रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलक्टर ने आपातकालीन कक्ष, डॉक्टर कक्ष, पर्ची काउंटर, डायलिसिस यूनिट, रामाश्रय सहित विभिन्न वार्डों का अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल परिसर में गंदगी पाए जाने पर एक सप्ताह के भीतर स्वच्छता व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पुराने एवं अनुपयोगी सामान का नियमानुसार निस्तारण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए परिसर में पौधारोपण एवं गमलों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
महिला एवं बाल चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने एसएनसीयू सहित विभिन्न वार्डों का अवलोकन किया तथा स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला कलक्टर ने अन्नपूर्णा भोजनालय का भी निरीक्षण किया और भोजनालय की स्वच्छता, राशन भंडारण एवं रसोई व्यवस्था की जांच की। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता परखते हुए उसका स्वाद भी लिया।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर (भू-अ) रामचंद्र खटीक सहित चिकित्सालय स्टाफ उपस्थित रहा।