रतलाम। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिले में “स्कूल चले हम अभियान 2026” के अंतर्गत शनिवार, 4 अप्रैल को विभिन्न शासकीय विद्यालयों में “भविष्य से भेंट” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलेक्टर मिशा सिंह के मार्गदर्शन में अधिकारियों ने विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनके भविष्य निर्माण पर मार्गदर्शन दिया।
जिले के नौगावाजागीर, कन्या शाला आलोट, भड़ानकला (बाजना), जीएमएस धराड़, बालक माध्यमिक विद्यालय सरवन, सांदीपनी स्कूल आलोट, इटावाखुर्द एवं बिरमावल सहित कुल 109 विद्यालयों में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों को करियर चयन, प्रतियोगी परीक्षाओं (यूपीएससी, एसएससी एवं सेना भर्ती) की तैयारी तथा नैतिक मूल्यों पर विशेष मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों एवं एनएमएमएस चयनित छात्रों का सम्मान भी किया गया। अधिकारियों ने गणित, विज्ञान एवं अंग्रेजी जैसे विषयों को सरल तरीके से समझाते हुए तनावमुक्त होकर अध्ययन करने के टिप्स दिए।
अधिकारियों ने कहा कि मेहनत और लगन से किसी भी विषय में सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने शासकीय विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं का अधिकतम उपयोग करने का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रही तथा शिक्षकों के सहयोग से आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।