चित्तौड़गढ़। कृषि आयुक्तालय के निर्देशानुसार जिले में यूरिया के गैर कृषि कार्यों में उपयोग को रोकने के लिए शनिवार को एक दिवसीय विशेष गुणवत्ता नियंत्रण अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत जिला स्तर पर निरीक्षण टीमों का गठन कर रीको इंडस्ट्रियल एरिया चित्तौड़गढ़, निम्बाहेड़ा सहित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में आकस्मिक निरीक्षण किए गए। इस दौरान प्लाईवुड, पेंट उद्योग, पशु आहार निर्माण इकाइयों, सॉर्टेक्स इकाइयों एवं उर्वरक विक्रेताओं का सघन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यूरिया के भंडारण, विक्रय एवं उपयोग की जांच कर नियमों की पालना सुनिश्चित करवाई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कृषि उपयोग हेतु निर्धारित यूरिया का अन्य कार्यों में उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है।
उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही इकाइयों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए भविष्य में नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।