पोलायकला। सुंदरसी रोड पर इंडियन पेट्रोल पंप के संचालक धर्मेंद्र बामनिया (35) ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। यह घटना रविवार सुबह सामने आई, जब कर्मचारियों ने उन्हें पंप के पास बने कमरे में फंदे से लटका पाया।
जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र बामनिया पिता गंगाराम बामनिया निवासी खड़ी ने पेट्रोल पंप के पास बने अपने कमरे में पंखे से रस्सी के सहारे फांसी लगाई। सुबह जब कर्मचारी सत्यनारायण मालवीय निवासी टांडा उठे और उन्होंने कमरे मे आवाज लगाई तो कोई आवाज नहीं आई इस पर साईड से पेट्रोल पंप पर पहुंचे, तो उन्होंने कमरे के अंदर धर्मेंद्र का शव पंखे से लटका देखा।
कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना पोलायकला चौकी प्रभारी रामेश्वर पटेल एस आई उमेद खान को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा बनाकर शव को फंदे से उतारा। पुलिस ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। धर्मेंद्र के परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चे हैं। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे।
परिजन जिद पर अड़े सीसीटीवी चेक करने की मांग
परिजन सीसीटीवी फुटेज चेक करने की मांग पर अड़े हैं। उनका कहना है कि जब तक सीसीटीवी फुटेज नहीं देखेंगे, तब तक शव का पोस्टमार्टम नहीं करने देंगे। पुलिस परिजनों को समझाने की कोशिश कर रही है, लेकिन वे अपनी जिद पर अड़े हैं। सी सी टी वी फुटेज चौक करने के बाद पोस्टमार्टम करने के लिए शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोलायकलां ले जाया गया पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।