नीमच। महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी अंकिता पंड्या ने शनिवार को अमावली महल एवं दुदरसी स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं में खामियां पाए जाने पर संबंधितों को निर्देश दिए गए।
अमावली महल आंगनबाड़ी केंद्र में दोपहर 12 बजे तक नाश्ता नहीं पहुंचने पर नाराजगी जताते हुए संबंधित स्व-सहायता समूह की 5 दिन की राशि काटने के निर्देश दिए गए। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को शाला पूर्व शिक्षा गतिविधियों का प्रभावी संचालन करने के निर्देश भी दिए गए।
दुदरसी क्रमांक 1 एवं 2 आंगनबाड़ी केंद्रों के निरीक्षण के दौरान भी लक्ष्मी स्व-सहायता समूह द्वारा उपलब्ध कराया गया नाश्ता अधपका पाया गया। इस पर समूह की 5 दिवस की राशि काटने के निर्देश दिए गए।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में निर्धारित समय एवं मेनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण नाश्ता व भोजन उपलब्ध नहीं कराने पर संबंधित समूह को हटाने की कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।