मंदसौर। बिजली विभाग की कथित लापरवाही से एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मंडी रोड स्थित केशव तोल कांटे के सामने पेड़ों की कटाई के दौरान 33 केवी लाइन अचानक चालू हो गई, जबकि कर्मचारी पोल पर कार्य कर रहा था।
मौके पर मौजूद कर्मचारी ने आरोप लगाया कि लाइनमैन पिंकेश पंवार ने बिना सूचना दिए ही लाइन चालू कर दी, जिससे स्थिति बेहद गंभीर हो गई। इसी दौरान पेड़ की डाल बिजली तार पर गिरने से डीपी में आग भी लग गई। उस समय कर्मचारी पोल पर ही मौजूद था, जिससे उसकी जान जोखिम में पड़ गई।
कर्मचारी ने बताया कि यदि थोड़ी भी देर होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद संबंधित कर्मचारी ने लापरवाह लाइनमैन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस घटना ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल मामले में जांच और कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।