चित्तौड़गढ़। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में पेयजल व्यवस्थाओं की स्थिति जानने के लिए जिला कलेक्टर डॉ. मंजू सहित जिला स्तरीय अधिकारियों ने विभिन्न गांवों का भ्रमण कर हैंडपंपों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से फीडबैक लिया।
इस दौरान कलेक्टर ने धनेत ग्राम पंचायत मुख्यालय पर हैंडपंप का निरीक्षण करते हुए स्वयं हैंडपंप चलाकर पानी की उपलब्धता और गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और खराब हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत कराई जाए।
भ्रमण के दौरान ग्रामीण महिलाओं ने स्नानघर निर्माण की मांग रखी, जिस पर कलेक्टर ने जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को शीघ्र आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि पेयजल व्यवस्था राज्य सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। इस दौरान जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता सुमित गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।