मंदसौर। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में चलाए जा रहे एनडीपीएस अभियान के तहत दलौदा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 34 किलोग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 5000 रुपए के इनामी आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम ने आरोपी रहमत उर्फ कारू पिता शफी मोहम्मद अजमेरी, निवासी बागलिया थाना हतुनिया जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान) को रविवार देर शाम गिरफ्तार किया। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार था और पुलिस को चकमा दे रहा था।
गौरतलब है कि 25 नवंबर 2024 को थाना दलौदा पुलिस ने सोनगिरी-निरधारी रोड पर कार्रवाई करते हुए टीवीएस स्टार सिटी मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों से 34 किलोग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड, 11 किलोग्राम सोडियम एवं 275 ग्राम स्मैक जब्त की थी। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान इस मामले का मुख्य सरगना रहमत उर्फ कारू सामने आया, जो घटना के बाद फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए 5000 रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर आरोपी को प्रतापगढ़ (राजस्थान) से गिरफ्तार किया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है, जिससे मादक पदार्थों के नेटवर्क और अन्य आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।