भोपाल/नीमच। भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस पर सोमवार को प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर नीमच-मंदसौर सहित मध्यप्रदेश के 17 जिलों में भाजपा जिला कार्यालयों के निर्माण हेतु भूमिपूजन किया गया। राजधानी भोपाल से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल वर्चुअली इन कार्यक्रमों से जुड़े।
भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल ने पार्टी ध्वज फहराया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस दौरान नेताओं ने दिवंगत नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के परिजनों का सम्मान भी किया। पूर्व विधायक स्व. रमेश शर्मा के परिजनों का सम्मान करते समय मुख्यमंत्री स्वयं मंच से उतरकर उनके पास पहुंचे।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा की विचारधारा सहभागिता और सिद्धांतों पर आधारित है, जिसे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी जैसे नेताओं ने आगे बढ़ाया। उन्होंने बताया कि पार्टी का लक्ष्य अगले स्थापना दिवस तक प्रदेश के सभी 62 जिलों में अपने कार्यालय स्थापित करना है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि नए कार्यालयों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम और पुस्तकालय की सुविधा उपलब्ध होगी, जहां संगठन और विचारधारा से जुड़ी सामग्री रखी जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा की विचारधारा अटल और अमर है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल लगातार मजबूत हुआ है। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में गठबंधन सरकार के सफल संचालन का भी उल्लेख किया।