प्रतापगढ़। जिले की बड़ीसादड़ी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बरड़िया में पंचमुखी बालाजी के द्वितीय पांच दिवसीय मेले का भव्य शुभारंभ शनिवार को सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन मंत्री गौतम दक के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर आस्था, उत्साह और विकास का संगम देखने को मिला।
मंत्री गौतम दक ने विधिवत पूजा-अर्चना कर मेले का शुभारंभ किया तथा पंचमुखी बालाजी के चरणों में नमन कर क्षेत्र व प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित सीसी रोड का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को विकास की सौगात भी दी।
सभा को संबोधित करते हुए मंत्री दक ने कहा कि धार्मिक मेले हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का माध्यम हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार की विकास के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि विकास कार्यों में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि नई सीसी रोड बनने से बरड़िया सहित आसपास के ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। इस पर स्थानीय नागरिकों ने मंत्री एवं सरकार का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मेला समिति द्वारा अतिथियों का स्वागत-अभिनंदन किया गया। इस दौरान भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मेला समिति सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।