चित्तौड़गढ़। नगर परिषद क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति के दौरान लगातार गंदा व मटमैला पानी आने तथा काई की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने सोमवार को सेगवा हाउसिंग बोर्ड स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विधायक आक्या ने मौके पर ही उच्च अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के सहायक अभियंता हिमांशु वीरवाल, कनिष्ठ अभियंता राकेश आमेटा एवं केमिस्ट अमरेंद्र दास को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने सख्त शब्दों में कहा कि क्षेत्रवासियों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में पेयजल आपूर्ति में गंदा पानी आने की स्थिति में इसे विभागीय लापरवाही मानते हुए संबंधित कार्मिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर शैलेन्द्र झंवर, एडवोकेट ओमप्रकाश शर्मा, दीपक शर्मा, विशाल गर्ग, रवि बैरागी, विनीत तिवारी, रामप्रसाद बगेरवाल, हिम्मत सिंह, राजकुमार गाडरी, हितेश कटारिया, हरीश खटीक, गणेश भोई सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।