देवास। शहर में शराब दुकानों पर तय रेट से अधिक कीमत वसूली के आरोपों को लेकर सोमवार को जिला संगठन के महासचिव जितेंद्र सिंह गौड के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता आबकारी कार्यालय पहुंचे और अधिकारी से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर में हाल ही में खुले कई शराब ठेकों पर निर्धारित दरों से ज्यादा कीमत वसूली जा रही है। दुकानों पर न तो रेट लिस्ट प्रदर्शित है और न ही शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर या बारकोड उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन जिम्मेदार विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
कार्यकर्ताओं ने ठेकेदारों पर शराब की ब्लैक मार्केटिंग का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि निजी वाहनों के माध्यम से शराब की अवैध सप्लाई एक स्थान से दूसरे स्थान तक की जा रही है। इस पूरे मामले में कांग्रेस ने वीडियो सबूत भी आबकारी अधिकारी को सौंपे।
आबकारी अधिकारी महेश पटेल ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है। यदि कहीं भी निर्धारित रेट से अधिक कीमत पर शराब बेची जाती पाई गई, तो संबंधित दुकानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।