नीमच। जिले में संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत व्यापक जनजागरूकता के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन जन अभियान परिषद की समितियों द्वारा किया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड मनासा के ग्राम भाटखेड़ी बस स्टैंड पर प्याऊ का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर सरपंच श्री मनोज पुरोहित की उपस्थिति में विद्यार्थियों ने मेहंदी प्रतियोगिता के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने पोस्टर, डिजाइन एवं रंगोली बनाकर लोगों को जल बचाने के प्रति जागरूक किया।
ग्राम बामनिया में जल संरक्षण से संबंधित नारों का दीवार लेखन किया गया, वहीं ग्राम सावन स्थित बीसभुजा माता मंदिर परिसर के तालाब पर श्रमदान कर घाट की सफाई की गई। इस दौरान उपस्थितजनों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई तथा मंदिर परिसर में जल मंदिर प्याऊ की स्थापना की गई।
इसी तरह डीकेन के गगरानी घाट पर रंगोली के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश देकर लोगों को जागरूक किया गया।
अभियान के तहत जिले में लगातार इस प्रकार की गतिविधियां आयोजित कर आमजन को जल संरक्षण के महत्व से अवगत कराया जा रहा है।