देवास। एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एग्जाम से ठीक एक दिन पहले 22 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान रुद्राक्ष बड़गोतिया, पिता देशराज बड़गोतिया, निवासी बालगढ़ के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि रुद्राक्ष प्रेस्टिज कॉलेज में एमबीए की पढ़ाई कर रहा था और साथ ही नीट परीक्षा की तैयारी भी कर रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परीक्षा की तैयारी कमजोर होने और मानसिक दबाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
घटना के समय घर पर उसकी बहन मौजूद थी। काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर उसने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजा खोलकर युवक को पंखे से नीचे उतारकर जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इस तरह की घटनाएं समाज के लिए चेतावनी हैं, जहां बीच में ही जागरूकता और संवाद की कमी साफ नजर आती है। आज के युवाओं पर बढ़ता पढ़ाई और करियर का दबाव उन्हें मानसिक रूप से कमजोर कर रहा है। ऐसे में जरूरी है कि परिवार, शिक्षक और समाज समय रहते युवाओं की मानसिक स्थिति को समझें, उनसे खुलकर बात करें और उन्हें सही मार्गदर्शन दें।
याद रखेंकृकोई भी परीक्षा या असफलता जीवन से बड़ी नहीं होती। समय पर जागरूकता और सहारा ही ऐसी घटनाओं को रोक सकता है।