चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर द्वारा प्रदेश के किशोर विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक अभिनव और महत्वाकांक्षी कार्यक्रम “ट्रांसफॉर्मेटिव मंगलवार“ (रूपांतरणकारी मंगलवार) के तहत मानसिंह चूंडावत जिला एवं सेशन न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चित्तौड़गढ़ के नेतृत्व में दिनांक 07.04.2026 माह के प्रथम मंगलवार को जिले की विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से न्यायिक अधिकारियों द्वारा कानूनी साक्षरता शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
प्राधिकरण सचिव गोयल द्वारा बताया गया कि इस कार्यक्रम की मुख्य विशेषता होगी कि उक्त सत्र सीधे न्यायिक अधिकारियों द्वारा संचालित किए जाएंगे। सत्रों का आयोजन विद्यालय के समय के दौरान 30 से 60 मिनट तक के लिए किया जाएगा। इस दौरान विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा,संरक्षण और न्याय तक पहुंच के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की जाएगी। “ट्रांसफॉर्मेटिव मंगलवार“ कार्यक्रम एक संरचित, सतत कानूनी साक्षरता पहल के रूप में कार्य करेगा जिसका उद्देश्य स्कूली छात्रों-छात्राओं को कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों और वर्तमान सामाजिक कानूनी मुद्दों के प्रति संवेदनशील बनाना है। इस अभियान के तहत बच्चों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए विद्यालयों में “कोर्ट वाली दीदी“ नाम से विशेष शिकायत और सुझाव पेटिकाएं लगाई जा रही हैं और विद्यालयों में “जूनियर लीगल लिटरेसी क्लबों“ का गठन किया जा रहा है जिसमें न्यायिक अधिकारियों के मार्गदर्शन में बच्चों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सशक्त बनाया जाए। “ट्रांसफॉर्मेटिव मंगलवार“ के प्रथम सत्र के तहत जिले के न्यायिक अधिकारियों द्वारा जिले की विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों में कानूनी साक्षरता शिविरों का आयोजन किया जाएगा।