नीमच। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जिले में जल संरक्षण और भूजल स्तर बढ़ाने के लिए अभिनव प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत सरोदा में एक ग्राउंडवाटर रिचार्ज स्ट्रक्चर (रिचार्ज पिट) का मॉडल तैयार किया गया है।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव के निर्देशन में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा अनुपयोगी (डिफंक्ट) बोरवेल को उपयोग में लाते हुए रिचार्ज पिट का निर्माण किया गया है। इस मॉडल के माध्यम से वर्षा जल को पुनर्भरण कर भूजल स्तर बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
विभाग द्वारा इस कार्य की विस्तृत एवं क्रमवार रिपोर्ट भी तैयार की गई है, ताकि जिले की अन्य ग्राम पंचायतें भी इस मॉडल को आसानी से अपनाकर जल संरक्षण में योगदान दे सकें।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री दीपेश वास्पत ने बताया कि अनुपयोगी बोरवेल पर रिचार्ज पिट का निर्माण “वेस्ट टू वेल्थ” की अवधारणा का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो भविष्य में जल संकट से निपटने में सहायक सिद्ध होगा।