नीमच। मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रारंभ के साथ ही विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला स्तरीय पुस्तक मेले का आयोजन किया जा रहा है।
यह 3 दिवसीय पुस्तक मेला 10 से 12 अप्रैल 2026 तक शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, नीमच में प्रतिदिन प्रातः 10:30 बजे से सायं 6:00 बजे तक आयोजित होगा।
मेले में अशासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए निजी प्रकाशकों की पुस्तकों पर न्यूनतम 15 प्रतिशत तथा कॉपियों पर न्यूनतम 40 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी। इसके अलावा स्कूल यूनिफॉर्म एवं अन्य स्टेशनरी सामग्री भी विशेष रियायत दरों पर उपलब्ध रहेगी।
जिला शिक्षा अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग के नियमों के अनुसार निजी विद्यालय प्रबंधन किसी भी छात्र या अभिभावक को किसी विशेष विक्रेता से पुस्तकें, यूनिफॉर्म या अन्य सामग्री खरीदने के लिए बाध्य नहीं कर सकते।
जिला शिक्षा अधिकारी ने जिले के अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पुस्तक मेले में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं।