खरगोन। जिले में व्याप्त विभिन्न शैक्षिक समस्याओं सहित विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को छात्रों ने आक्रोश दर्ज कराया। छात्रावासों, विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर शिक्षा गुणवत्ता सुधार के साथ ही बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे विद्यार्थियों ने अभाविप के बैनर तले प्रभावी धरना प्रदर्शन कर शासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए समस्याओं के निराकरण की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान डिप्टी कलेक्टर लोकेश छापरे, एसडीएम वीरेंद्र कटारे ने छात्रों से ज्ञापन लेकर समस्याएं सुनाकर धरना खत्म करने की समझाईश दी, लेकिन छात्र कलेक्टर से मिलने की मांग पर अड़ गए। इसके चलते प्रदर्शन करीब दो घंटे चला। विद्यार्थियों ने 20 सुत्रीय समस्याओं, मांगों का ज्ञापन सौंपकर इनके निराकरण की मांग की।
छात्रों ने शिकायत में बताया कि जिले की कई स्कूलों में रिक्त पद है, जिन पर योग्य शिक्षकों की भैर्ती की जाए। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में नियमित कक्षाएं एवं निर्धारित समय सारणी का पालन नही हो रहा। पाठयक्रम समयबद्ध कराया जाए। विद्यालय, छात्रावास एवं महाविद्यालय भवनों की मरम्मत एवं रखरखाव किया जाए।