देवास। जिले के थाना कांटाफोड़ पुलिस ने ऑपरेशन “प्रहार” के तहत नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 2 किलो 800 ग्राम गांजा और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर एडिशनल एसपी सोम्या जैन के निर्देश पर थाना प्रभारी के.एस. परस्ते के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने बिछाखेड़ी-भैसुन के बीच पांगरा रोड पुलिया पर घेराबंदी कर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका। तलाशी के दौरान हरे रंग की प्लास्टिक में रखा करीब 2.8 किलो गांजा बरामद किया गया।
मौके से सुदामा प्रजापति निवासी बहरावद, थाना कन्नौद) और रहीश शाह निवासी कन्नौद को गिरफ्तार किया गया। जब्त गांजे की कीमत लगभग 28 हजार रुपये तथा मोटरसाइकिल की कीमत करीब 50 हजार रुपये आंकी गई है। कुल मिलाकर 78 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की पूछताछ जारी है।