छतरपुर। नगर पालिका परिषद छतरपुर की बजट बैठक नपा सभाकक्ष में सोमवार को छतरपुर विधायक ललिता यादव एवं नगरपालिका अध्यक्ष ज्योति सुरेंद्र चौरसिया की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में शहर के विकास के लिए 2026-27 के बजट का अनुमोदन किया गया, जिसमें कुल आय रु. 564 करोड़ और व्यय रु. 561 करोड़ निर्धारित किया गया है। इस बजट में विशेष रूप से शहर के विकास और सुधार पर जोर दिया गया है।
बजट में शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने, सड़कों के निर्माण और मरम्मत, जल आपूर्ति व्यवस्था सुधारने और स्वच्छता सेवाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसके अलावा वार्ड स्तर पर विकास कार्यों के लिए अलग से राशि निर्धारित की गई है, जिससे स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके। प्रशासन का दावा है कि यह बजट आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने और शहर को व्यवस्थित रूप से विकसित करने की दिशा में अहम कदम साबित होगा।
परिषद के एजेंडे में कुल 87 बिंदु शामिल थे, जिन पर सभी पार्षदों की सर्व सहमति के बाद निर्माण कार्यों की शुरुआत की जाएगी।
नगर पालिका सीएमओ माधुरी शर्मा ने बैठक में बताया कि वार्ड पार्षदों द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रस्तावों को एजेंडे में शामिल किया गया है। इस बैठक के दौरान, शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों जैसे सड़कों, सीसी रोड, नाली, पार्क, और बस स्टैंड के विकास कार्यों पर भी विचार किया गया।