खरगोन। जिले के ग्राम धुलकोट की भूमि पर प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र के खिलाफ ग्रामीणों ने आपत्ति दर्ज कराई है। मंगलवार को ग्रामीण कलेक्टर कार्यालय पंहुचे ओर आवेदन सौंप कर ग्रामीणों ने बताया कि खसरा नंबर 318/2 की करीब 200 हेक्टेयर भूमि पर उद्योग स्थापित करने का प्रस्ताव है, जो वास्तव में ग्राम दगड़खेड़ी के किसानों की आजीविका से जुड़ी है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में 200 से अधिक किसान परिवार पीढ़ियों से खेती और पशुपालन कर जीवन यापन कर रहे हैं, जबकि राजस्व रिकॉर्ड में भूमि को खाली दर्शाया गया है, जो वास्तविक स्थिति के विपरीत है। उन्होंने भूमि रिकॉर्ड में त्रुटियों और वर्षों से लंबित सुधार की मांग भी उठाई।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया कि प्रस्ताव से पहले ग्राम सभा की सहमति नही ली गई, जो नियमों के विरुद्ध है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे आंदोलन करेंगे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रस्ताव निरस्त करने और उनकी आजीविका की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।