मनासा। विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर एवं नालसा के दिशा-निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीमच के मार्गदर्शन में मंगलवार, 7 अप्रैल 2026 को मनासा तहसील के ग्राम कचौली में “लीगल एड क्लिनिक” एवं विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
यह लीगल एड क्लिनिक प्रत्येक माह के प्रथम मंगलवार को आयोजित किया जाता है, जिसमें ग्रामीणों को निःशुल्क कानूनी सहायता प्रदान की जाती है। शिविर में पैरालीगल वॉलंटियर एवं मानव अधिकार कार्यकर्ता कमलाशंकर विश्वकर्मा द्वारा आमजन को विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई तथा नालसा, सालसा एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान के बारे में मार्गदर्शन दिया गया।
इसके साथ ही माध्यमिक विद्यालय कचौली में आयोजित जागरूकता शिविर में छात्र-छात्राओं को गुड टच-बैड टच, बाल अधिकार, मूल संवैधानिक कर्तव्यों एवं निःशुल्क कानूनी सहायता योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में पंचायत सचिव रूपसिंह गुर्जर, विद्यालय प्राचार्य मयंक माहेश्वरी, सरस्वती शिशु मंदिर की प्रधानाचार्य अर्चना वेद, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।