नीमच। जनगणना 2027 में पहली बार डिजिटल माध्यमों के जरिए ‘स्व-गणना’ (सेल्फ एन्यूमेरेशन) की सुविधा शुरू की जा रही है, जिससे नागरिक स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।
जिला प्रशासन के अनुसार 16 अप्रैल से नागरिक se.census.gov.in पोर्टल पर ओटीपी आधारित लॉगिन के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। यह प्रक्रिया 30 अप्रैल 2026 तक जारी रहेगी। जानकारी सबमिट करने के बाद नागरिकों को एक सेल्फ एन्यूमेरेशन (SE) आईडी प्राप्त होगी, जिसे 1 मई के बाद घर-घर सर्वे के लिए आने वाले प्रगणक को दिखाना होगा।
स्व-गणना के बावजूद प्रगणक द्वारा क्षेत्रीय सत्यापन अनिवार्य रहेगा। 1 से 30 मई 2026 के बीच मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य किया जाएगा।
जनगणना के दौरान 33 सवालों के आधार पर जानकारी एकत्र की जाएगी, जिसमें आवास, पेयजल, शौचालय, रसोई ईंधन, बिजली, मोबाइल, इंटरनेट, वाहन सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े प्रश्न शामिल होंगे।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे पोर्टल पर सटीक जानकारी दर्ज करें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि सभी जानकारी पूरी तरह सुरक्षित और गोपनीय रखी जाएगी।