देवास। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित ‘भविष्य से भेंट’ कार्यक्रम भावनात्मक और प्रेरणादायक माहौल के बीच संपन्न हुआ। इस अवसर पर देवास पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उन्हें जीवन में लक्ष्य तय करने, अनुशासन अपनाने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे, जिन्होंने पुलिस अधीक्षक के अनुभवों को ध्यानपूर्वक सुना। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सफलता पाने के लिए सबसे जरूरी है खुद को समय देना और पढ़ाई के साथ अन्य गतिविधियों में संतुलन बनाए रखना। उन्होंने विशेष रूप से 9वीं-10वीं और 11वीं-12वीं के विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के लिए अभी से गंभीर होने की सलाह दी।
अपने जीवन के संघर्षों को साझा करते हुए पुलिस अधीक्षक भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, “स्कूल कभी छोटा या बड़ा नहीं होता, न ही सरकारी और प्राइवेट का फर्क आपकी सफलता तय करता है। मैं खुद शासकीय स्कूल से पढ़कर आईपीएस बना हूं।” उनके इन शब्दों ने बच्चों के मन में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास भर दिया।
इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों के लिए एक नई दिशा तय करने का काम किया। ‘भविष्य से भेंट’ सिर्फ एक पहल नहीं, बल्कि बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने वाला मंच बनकर सामने आया, जहां उन्हें यह समझ आया कि मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही सफलता की असली कुंजी है।