टीकमगढ़। मध्य प्रदेश की पूर्व सीएम उमा भारती ने सड़क किनारे हाथठेला लगाकर पोहा और जलेबी बेची। दरअसल, ऐसा उन्होंने जिला प्रशासन के अतिक्रमण अभियान के विरोध स्वरूप किया और एक दिन पहले जिला प्रशासन की ओर से हटाए गए छोटे दुकानदारों को वापस अपने हाथठेले उसी जगह लगाने को कहा है। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन से अपील की है कि गरीबों की रोजी रोटी नहीं छीनी जाए।
यह पूरा मामला टीकमगढ़ नगर के सिविल लाइन मार्ग का है। जहां कल सोमवार को नगर पालिका प्रशासन एसडीएम और तहसीलदार की टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत जेसीबी मशीनों की मदद से कई छोटी दुकानें और हाथठेले फुटपाथ से हटा दिए थे। जब उमा भारती को इसकी जानकारी लगी तो उन्होंने इस कार्रवाई का विरोध किया और कहा था कि छोटे दुकानदारों को हटाना गलत है।
इसे लेकर आज मंगलवार को विरोधस्वरूप वह सुबह सिविल लाइन रोड पर स्थित अपने बंगले से निकलकर हटाए गए अतिक्रमण के स्थान पर पहुंचीं और खुद पोहा और जलेबी बेचकर दुकानदारों का समर्थन करते हुए उन्होंने हटाए गए दुकानदारों से अपील की कि वे वापस आएं और यहीं दुकानें लगाएं, मैं उनके साथ हूं। उनके ठेलों को यहां से नहीं हटने दिया जाएगा, मैं जिला प्रशासन से बात करूंगी, सभी के ठेले वापस यहां लगाए जाएंगे।