नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा मंगलवार को वार्ड क्रमांक 35 स्थित जैन कॉलोनी की अंतिम गली में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान करीब 10 मकान मालिकों द्वारा शासकीय भूमि पर किए गए पक्के निर्माण हटाकर मार्ग को सुचारु किया गया।
जानकारी के अनुसार उक्त गली में लंबे समय से रास्ते पर अतिक्रमण कर आवागमन अवरुद्ध किया गया था, जिसकी शिकायत मिलने पर नगर पालिका ने कार्रवाई की। मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया के नेतृत्व में सुबह लगभग 10 बजे जेसीबी एवं अन्य संसाधनों के साथ अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया गया।
नगर पालिका द्वारा पूर्व में संबंधित मकान मालिकों को अतिक्रमण हटाने के लिए तीन-तीन बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन उनके द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने पहले अतिक्रमणकर्ताओं को स्वयं निर्माण हटाने का मौका दिया, जिस पर कई लोगों ने स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लिया। वहीं, जिन्होंने ऐसा नहीं किया, उनके अतिक्रमण को नगर पालिका अमले ने जेसीबी की मदद से हटाया।
इस अभियान में राजस्व विभाग के टेकचंद बुनकर, महावीर जैन, लोक निर्माण विभाग के हेमंत सिसोदिया, रवि भंडारी, चिरायु चांदना, राम सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। नगर पालिका ने स्पष्ट किया है कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।