नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच की मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने शहर के निजी मांगलिक भवनों, रिसोर्ट एवं सामुदायिक भवनों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी मांगलिक भवन संचालकों के लिए नगर पालिका में पंजीयन (रजिस्ट्रेशन) कराना अनिवार्य है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित संचालकों को परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और कचरा निष्पादन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएमओ बामनिया ने कहा कि शहर में संचालित सभी निजी मांगलिक भवन, रिसोर्ट एवं सामुदायिक भवन संचालक एक सप्ताह के भीतर नगर पालिका में पंजीयन करवा लें। साथ ही कचरा प्रबंधन की उचित व्यवस्था भी सुनिश्चित करें, ताकि शहर की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित न हो।
उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समयावधि में निर्देशों का पालन नहीं करने पर नगर पालिका अधिनियम के तहत संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी राजस्व अधिकारी टेकचंद बुनकर एवं लोक निर्माण विभाग के हेमंत सिसोदिया सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।