सरवानिया महाराज। शासकीय स्कूलों एवं आंगनवाड़ियों में मध्यान्ह भोजन तैयार करने वाले स्वयं सहायता समूहों को गैस टंकी उपलब्ध नहीं होने की समस्या को लेकर जिला महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यालय में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में महिला एवं बाल विकास की जिला कार्यक्रम अधिकारी अंकिता पंड्या, शिक्षा विभाग के डीपीसी, खाद्य विभाग के जेएसओ विनोद नागोरी सहित महिला स्वयं सहायता समूह संगठन की प्रदेश अध्यक्ष माया-मनोहर बैरागी, जिला अध्यक्ष माया पाटीदार, जिला सचिव आशा शर्मा, जिला उपाध्यक्ष प्रमिला चौहान, विद्या बाई पुरोहित, विद्या बाई शर्मा, रेखा पाटीदार, आरती जैन, संजय जैन, चांदमल पुरोहित सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में सभी ने गैस बुकिंग में आ रही समस्याओं पर अपने सुझाव रखे। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में गैस बुकिंग में अधिक समस्या होने के कारण वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में चूल्हे या अन्य साधनों से भोजन बनाने की व्यवस्था की जाए। साथ ही गैस एजेंसियों से समन्वय कर स्वयं सहायता समूहों के नाम से गैस कनेक्शन जारी करने तथा समूह द्वारा ही बुकिंग कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में इस प्रकार की समस्या न आए।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि पूर्व में पालक-शिक्षक संघ के खातों के नाम से गैस कनेक्शन लिए गए थे, जो अब बंद हो चुके हैं, जिससे भुगतान में कठिनाई आ रही है। इस संबंध में विभाग स्तर से आवश्यक पत्राचार कर समस्या के समाधान के प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि इस समस्या के स्थायी समाधान हेतु जिला कलेक्टर से चर्चा कर उचित मार्ग निकाला जाएगा।
इस दौरान महिला स्वयं सहायता समूह संघ, जिला नीमच द्वारा गैस बुकिंग में आ रही समस्याओं के निराकरण के लिए कलेक्टर के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया।