मनासा। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के शुरू होते ही क्षेत्र में क्रिकेट सट्टेबाजी के अवैध कारोबार के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार शहर के विभिन्न इलाकों में सट्टेबाजी नेटवर्क आधुनिक तकनीक का उपयोग कर सक्रिय हो सकता है।
बताया जा रहा है कि कुछ सट्टा बुकी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और मोबाइल एप्स के माध्यम से अन्य राज्यों से इस अवैध कारोबार को संचालित कर रहे हैं। सट्टेबाजी के लिए ऑनलाइन आईडी उपलब्ध कराई जाती है, जिसके जरिए बड़े पैमाने पर लेन-देन होने की बात सामने आ रही है।
चिंताजनक बात यह है कि यह अवैध गतिविधि युवाओं को भी अपनी चपेट में ले रही है, जो आसान पैसे के लालच में सट्टेबाजी की ओर आकर्षित हो रहे हैं, जिससे उनके आर्थिक एवं मानसिक रूप से प्रभावित होने की आशंका है।
सूत्रों के अनुसार शहर में ‘अख्खर’ नामक पारंपरिक सट्टेबाजी गतिविधियां भी संचालित होने की बात सामने आई है।
इस संबंध में थाना प्रभारी मनासा नीलेश अवस्थी ने बताया कि पुलिस द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि सूचनाओं के आधार पर जल्द ही प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें तथा युवाओं को इस प्रकार के अवैध धंधों से दूर रहने की सलाह दी गई है।