प्रतापगढ़। जिले के धरियावद उपखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मुँगाना में मंगलवार शाम अचानक मौसम ने करवट ले ली। करीब 15 मिनट तक चली तेज आंधी और बारिश ने क्षेत्र का जनजीवन प्रभावित कर दिया। बारिश के कारण गांव और आसपास के इलाकों में सड़कों पर जलभराव हो गया, जिससे सड़कें दरिया जैसी नजर आने लगीं और आवागमन बाधित हो गया। जल निकासी व्यवस्था सही नहीं होने से राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिर गए, जिससे कुछ मार्ग अवरुद्ध हो गए। हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन ग्रामीणों में दहशत और असुविधा का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल निकासी व्यवस्था सुधारने तथा गिरे हुए पेड़ों को जल्द हटाने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके।