बड़वानी। सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की मदद कर मानवता का उदाहरण प्रस्तुत करने वाले समाजसेवी एवं पूर्व पार्षद संजय गुप्ता को राहवीर योजना के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया गया। कलेक्टर जयति सिंह ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए 25,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि उनके खाते में जमा कराई।
इस अवसर पर कलेक्टर जयति सिंह ने कहा कि राहवीर योजना का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना है, जिससे उनकी जान बचाई जा सके। उन्होंने संजय गुप्ता के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक हैं समाजसेवी संजय गुप्ता ने इस सम्मान के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया और कहा कि वे आगे भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।