खरगोन। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के तत्वावधान में बुधवार को जिले की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर एक विशाल रैली एवं धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक शामिल हुए। रैली के माध्यम से कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया।
रैली की शुरुआत अंबेडकर पार्क, सब्जी मंडी क्षेत्र से हुई, जो शहर के प्रमुख मार्गोंकृनटराज होटल बस स्टैंड, टीआईटी कॉम्प्लेक्स, जवाहर मार्ग और आरती टॉकीज होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने झंडे-बैनर और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के साथ अपनी मांगों को उठाया।
प्रदर्शन के दौरान बसपा पदाधिकारियों ने बताया कि जिले में अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं दलित समाज पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं। इसके अलावा बिजली, महंगा गैस सिलेंडर, तेल-पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि, किसानों की फसल के कम दाम, ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब बिक्री जैसी समस्याओं को लेकर जनता में भारी आक्रोश है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि कई जनहितकारी योजनाओं का लाभ वर्षों से पात्र हितग्राहियों तक नहीं पहुंच पा रहा है। साथ ही वर्षों से मकान बनाकर रह रहे लोगों को पट्टा नहीं मिलने, अजा बस्तियों के लिए श्मशान भूमि स्वीकृति नहीं मिलने, वनभूमि पट्टा वितरण में देरी, सोसायटियों में खराब राशन वितरण जैसी समस्याएं भी प्रमुख रूप से उठाई गईं।
इसके अलावा नाथ समाज के पारंपरिक व्यवसाय (सांप पकड़ने) पर रोक लगने के बाद वैकल्पिक रोजगार उपलब्ध नहीं कराने से बढ़ती बेरोजगारी का मुद्दा भी उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि पारंपरिक कार्यों से जुड़े लोगों को बिना विकल्प के कार्य से वंचित करना गंभीर समस्या है।
बसपा नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि इन सभी जनसमस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान किया जाए, अन्यथा भविष्य में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस अवसर पर बसपा के प्रदेश प्रभारी जियालाल अहिरवार, नरेंद्र पंचोले, मुन्नालाल तेजी, दिलीप प्रसाद, देवीलाल चौहान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।