मनासा। सामाजिक संस्था ‘कर्तव्य एक प्रयास’ ने 9 अप्रैल को अपनी निःशुल्क सेवाओं के 7 वर्ष पूर्ण कर लिए। संस्था ने इस अवसर पर सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपनी उपलब्धियों को साझा किया।
संस्था द्वारा पिछले सात वर्षों में लगभग 2125 से अधिक जरूरतमंद व्यक्तियों को निःशुल्क चिकित्सीय उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। वर्तमान में संस्था के पास 200 से अधिक विभिन्न प्रकार के उपकरण उपलब्ध हैं, जिनमें ऑक्सीजन सिलेंडर, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, बायपेप मशीन, मिनी वेंटिलेटर, व्हीलचेयर, वॉकर, सक्शन मशीन, सर्जिकल बेड, एयर बेड सहित अन्य संसाधन शामिल हैं। ये सभी उपकरण जरूरतमंदों को निःशुल्क उपयोग के लिए दिए जाते हैं।
संस्था मनासा सहित आसपास के क्षेत्रों में निरंतर अपनी सेवाएं प्रदान कर रही है और भविष्य में अन्य क्षेत्रों तक भी इस सेवा का विस्तार करने की दिशा में कार्यरत है।
संस्था को सहयोग देते हुए स्थानीय विधायक द्वारा पुराने सरकारी अस्पताल में उपकरणों के सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखरखाव के लिए एक कक्ष भी उपलब्ध कराया गया है।
इस सेवा कार्य में स्वर्णिम मूंदड़ा, श्रेय मूंदड़ा, श्रेयांश भंडारी और भरत झंवर का विशेष योगदान रहा है।