नीमच। जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों पर बीमार एवं अशक्त बड़े पशुओं को खड़ा करने के लिए काऊ लिफ्टिंग मशीन उपलब्ध करवाई गई है। इससे उन पशुओं को राहत मिलेगी, जो बीमारी के कारण स्वयं खड़े नहीं हो पाते।
उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी डॉ. राजेश पाटीदार ने बताया कि जिला पशु कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की पहल पर प्रत्येक विकासखंड में एक-एक मशीन उपलब्ध कराई गई है। पशुपालक संबंधित विकासखंड के पशु चिकित्सक से संपर्क कर इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं।
मशीन लेने के लिए पशुपालक को 3,000 रुपये सुरक्षा निधि के रूप में जमा कराना होगा, जबकि प्रतिदिन 100 रुपये किराया देना होगा। मशीन वापस करने पर किराया काटकर शेष राशि और रसीद लौटा दी जाएगी। मशीन को उसी स्थिति में लौटाना अनिवार्य होगा, जिस स्थिति में दी गई थी।
इस सुविधा से गंभीर रूप से बीमार पशुओं के उपचार में सहायता मिलेगी और जिला पशु कल्याण समिति की आय में भी वृद्धि होगी।