मंदसौर। कलेक्टर अदिती गर्ग ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धुंधडका का निरीक्षण कर एचपीवी वैक्सीनेशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एक्स-रे सुविधा, टीबी अभियान, ओपीडी एवं आईपीडी रजिस्टर तथा अस्पताल में उपलब्ध बेड्स की स्थिति का भी जायजा लिया। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन, मंदसौर एसडीएम सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर गर्ग ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में एचपीवी वैक्सीनेशन की प्रगति कम है या जहां अधिक गैप है, वहां विशेष टीमों को भेजकर अभियान को गति दी जाए। उन्होंने कहा कि आगामी 30 दिनों में वैक्सीनेशन का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए।
उन्होंने निर्देशित किया कि गांव स्तर पर आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों की सूची तैयार की जाए तथा समग्र आईडी के आधार पर उनका सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी छूट न जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एंबुलेंस सेवाओं की भी समीक्षा की और निर्देश दिए कि आपात स्थिति में एंबुलेंस समय पर उपलब्ध हो तथा निर्धारित समय में घटनास्थल पर पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने और अस्पताल में सभी आवश्यक सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।