चित्तौड़गढ़। राज्य सरकार के विकसित राजस्थान @2047 विजन के अनुरूप प्रदेश में योजनाबद्ध विकास को गति देने के उद्देश्य से राजस्थान इंस्टीट्यूट फॉर ट्रांसफॉर्मेशन एंड इनोवेशन (RITI) के माध्यम से ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक विकास का मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। इसी क्रम में राज्य सरकार द्वारा 19 मार्च से 15 मई तक “मुख्यमंत्री विकसित ग्राम/शहरी वार्ड अभियान” आयोजित किया जा रहा है।
अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रभा गौतम ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से जिले के समस्त उपखंड अधिकारियों, तहसीलदारों एवं विकास अधिकारियों को अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि विभागीय पत्रानुसार अभियान के अंतर्गत निर्धारित गतिविधियों को समयबद्ध रूप से संपादित करना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि अभियान में स्थानीय लोगों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में 19 मार्च 2026 से द्वितीय ग्राम सभा 30 अप्रैल 2026 तक सुझाव पेटी रखी जाए। यह व्यवस्था ग्राम विकास अधिकारी द्वारा सुनिश्चित की जाएगी। प्राप्त सुझावों को निर्धारित प्रपत्र में संकलित किया जाए तथा व्हाट्सएप, ई-मेल एवं अन्य माध्यमों से भी सुझाव प्राप्त किए जाएं।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि अभियान की प्रगति प्रतिदिन SSO पोर्टल पर निर्धारित एप के माध्यम से अपलोड की जाए, ताकि नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके।
जिला स्तरीय नोडल अधिकारी
विक्रम पोसवाल, मुख्य आयोजना अधिकारी – मुख्यमंत्री विकसित ग्राम/शहरी वार्ड अभियान (ग्रामीण/शहरी वार्ड) के नोडल अधिकारी
विनय पाठक, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद चित्तौड़गढ़ – मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान (ग्रामीण) के नोडल अधिकारी
कैलाश गुर्जर, प्रशासक, नगर परिषद चित्तौड़गढ़ – मुख्यमंत्री विकसित शहरी वार्ड अभियान के नोडल अधिकारी
सहायक नोडल अधिकारी
विकास अधिकारी, पंचायत समिति (समस्त) – ग्रामीण अभियान के सहायक नोडल अधिकारी
आयुक्त/अधिशाषी अधिकारी, संबंधित स्थानीय निकाय – शहरी वार्ड अभियान के सहायक नोडल अधिकारी
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने सभी अधिकारियों को अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने तथा निर्धारित समयसीमा में सभी गतिविधियों को पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सीईओ जिला परिषद विनय पाठक, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश पुरोहित सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।