बोलिया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बोलिया के पास विद्यार्थियों की सुविधा के लिए आधुनिक छात्र प्रतीक्षालय का निर्माण कराया गया है।
विद्यालय परिसर के पास लंबे समय से छात्र-छात्राओं के बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को धूप एवं बारिश में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक प्रतिनिधि के माध्यम से विद्यालय परिसर के समीप प्रतीक्षालय का निर्माण करवाया गया।
संस्था के प्राचार्य अशोक पटेल ने बताया कि प्रतीक्षालय बनने से विद्यार्थियों को काफी राहत मिलेगी। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले छात्र-छात्राओं को बस अथवा अन्य साधनों की प्रतीक्षा के दौरान अब धूप एवं बारिश में खड़े नहीं रहना पड़ेगा।
विद्यालय परिसर के पास बने इस प्रतीक्षालय से विद्यार्थियों को खाली समय में बैठने के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हुआ है। स्थानीय लोगों एवं अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की है।