छतरपुर। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा के बैनर तले बड़ी संख्या में शिक्षकों ने प्रदर्शन किया और TET (Teacher Eligibility Test) परीक्षा रद्द करने की जोरदार मांग की। शिक्षकों ने छत्रसाल चौराहे से रैली निकालकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान शिक्षकों ने जमकर नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया।
शिक्षक संघ का कहना है कि सितंबर 2025 में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शिक्षकों को अनिवार्य रूप से TET उत्तीर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश के करीब 1.5 लाख शिक्षक इस फैसले से प्रभावित हैं। शिक्षकों का तर्क है कि तीस साल तक सेवा देने के बाद शिक्षक पात्रता परीक्षा देना अनुचित है और उनके अनुभव पर प्रश्न चिन्ह लगा रहा है।
ज्ञापन में शिक्षकों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से अपील की है कि यह परीक्षा रद्द की जाए। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से सुप्रीम कोर्ट में समीक्षा याचिका (Review Petition) दायर करने और शिक्षकों के हित में न्याय सुनिश्चित करने की मांग की। शिक्षकों ने चेतावनी भी दी कि यदि उनकी मांग नहीं मानी गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
आज के धरना और प्रदर्शन में जिले भर से हजारों शिक्षक उपस्थित रहे।