शिवपुरी। शहर के पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आज मध्य प्रदेश पुलिस पेंशनर्स संघ ने सेवानिवृत्त डीएसपी और उनकी पत्नी के विरुद्ध हुई पन्ना जिले के मंडला थाने में एफआईआर को लेकर ज्ञापन दिया और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्यवाही की मांग की है।
पेंशनर्स संघ ने मांग की है कि 80 वर्षीय सेवानिवृत्त उप पुलिस अधीक्षक भरत सिंह चौहान और उनकी पत्नी के खिलाफ पन्ना जिले के मंडला थाने में केस दर्ज किया गया है। संघ का आरोप है कि यह एफआईआर श्असत्य तथ्योंश् पर आधारित है। 7 अप्रैल 2026 को पन्ना-छतरपुर मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान आरक्षक ने दंपती के साथ अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद थाना प्रभारी ने भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
संघ के जिला अध्यक्ष गौरी शंकर शर्मा ने आरोप लगाया कि सेवानिवृत्त बुजुर्ग व्यक्ति पुलिसकर्मियों के बीच शासकीय कार्य में बाधा कैसे डाल सकता है। और सीट बेल्ट जैसे सामान्य मोटर व्हीकल एक्ट के मामले को अनावश्यक रूप से गंभीर आपराधिक प्रकरण में बदल दिया गया। इसके अतिरिक्त, लायसेंसी बंदूक का उपयोग न होने के बावजूद आर्म्स एक्ट की धाराएं लगाए जाने पर भी सवाल उठाए गए हैं।
पुलिस पेंशनर्स संघ ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे मध्य प्रदेश में आंदोलन किया जाएगा।