नीमच। महान समाज सुधारक, भारतीय संविधान के शिल्पी और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार को टाउन हॉल, नीमच में जिला स्तरीय भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
समारोह के अंतर्गत आयोजित विचार गोष्ठी में नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री व जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा ने बाबा साहब के जीवन, संघर्ष और सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके विचार आज भी समाज को समानता, शिक्षा और न्याय के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने डॉ. अंबेडकर के जीवन पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियां एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया। इन प्रस्तुतियों ने बाबा साहब के विचारों को सजीव रूप में प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए तथा प्रतिभावान विद्यार्थियों को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर बी.एल. कलेश, एसडीएम संजीव साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यह आयोजन बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में समानता व शिक्षा के संदेश को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुआ।