नीमच। भारत के महान विधिवेत्ता, समाज सुधारक एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर जिलेभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में नीमच के गांधी भवन में एक गरिमामय कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके पश्चात आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के जीवन, उनके संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहब का योगदान केवल आरक्षण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने सामाजिक, शैक्षिक और राजनीतिक क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन की नींव रखी। उन्होंने वंचित वर्गों को अधिकार दिलाने और समाज में समानता स्थापित करने के लिए आजीवन संघर्ष किया, जो आज भी अत्यंत प्रासंगिक है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा सामाजिक और शैक्षिक गतिविधियों के माध्यम से उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती, पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल चौरसिया, ब्लॉक अध्यक्ष ओम दीवान सहित मोनू लोक्स, बृजेश मित्तल, बृजेश सक्सेना, गजेंद्र यादव, बाबू सलीम, हारून रशीद, महेश वीरवाल, बेबी मेहरा एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।