नीमच। भाटखेड़ा से डूंगलावदा चौराहे तक निर्माणाधीन फोरलेन सड़क इन दिनों दुर्घटनाओं और जाम का कारण बनती जा रही है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष इंजी. नवीन कुमार अग्रवाल ने निर्माण एजेंसी एमपीआरडीसी और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सड़क निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि निर्माण स्थल पर न तो संकेतक लगाए गए हैं और न ही अवरोधक, जिससे आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई बार प्रशासन को अवगत कराने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।
अग्रवाल ने आरोप लगाया कि ठेकेदार मनमर्जी से जगह-जगह सड़क खोदकर महीनों तक अधूरा छोड़ देता है, जिससे आवागमन बाधित होता है और जाम की स्थिति बनती है। वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था भी नहीं की गई है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि सड़क का निर्माण दुकानों और मकानों के स्तर से ऊंचा किया जा रहा है, जिससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न होने की आशंका है।
अग्रवाल ने प्रशासन से मांग की कि निर्माण कार्य की निगरानी कर ठेकेदार को आवश्यक निर्देश दिए जाएं। साथ ही जहां तक सड़क खोदी गई है, उसे पहले पूरा किया जाए और निर्माण स्थल पर संकेतक एवं अवरोधक लगाकर दुर्घटनाओं को रोका जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो आम आदमी पार्टी आंदोलन के लिए बाध्य होगी।