चित्तौड़गढ़। आंगनवाड़ी कर्मचारी यूनियन, चित्तौड़गढ़ के तत्वावधान में कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री, राजस्थान सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा।
यूनियन जिलाध्यक्ष ममता जोशी ने बताया कि हाल ही में राज्य सरकार द्वारा बजट सत्र में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में 10 प्रतिशत वृद्धि किए जाने पर यूनियन ने आभार व्यक्त किया है, लेकिन इसके बावजूद कई समस्याएं अब भी लंबित हैं, जिनके कारण कार्यकर्ताओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में ग्रेच्युटी राशि एकमुश्त देने, सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने, प्रति माह 10 हजार रुपये पेंशन देने, बीमा राशि का भुगतान सुनिश्चित करने, बढ़ते ऑनलाइन कार्य को देखते हुए उच्च गुणवत्ता का टैबलेट या 5जी मोबाइल उपलब्ध कराने, चुनावी घोषणा के अनुरूप मानदेय आदेश जारी करने, कर्मचारियों को स्थायी करने तथा योग्यता एवं अनुभव के आधार पर पदोन्नति देने की मांग की गई।
इसके अलावा जाजम बैठक की राशि शीघ्र दिलाने एवं साथिनों को बीमा संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई, ताकि उन्हें बीमा का लाभ सही तरीके से मिल सके।
इस दौरान भामस जिला मंत्री सागरमल टांक, जिला प्रवक्ता जोगेन्द्र सिंह होड़ा सहित बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।