शाजापुर। पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला के निर्देशन में थाना लालघाटी पुलिस ने ब्लैकमेल, धोखाधड़ी, जान से मारने की धमकी एवं सामूहिक दुष्कर्म के प्रयास जैसे गंभीर अपराध के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 15 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 लाख 46 हजार 300 मूल्य की मशरूका भी जब्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को काशीनगर निवासी एक पीड़िता ने थाना लालघाटी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी द्वारा उसे ब्लैकमेल कर धोखाधड़ी की गई, जान से मारने की धमकी दी गई तथा सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास किया गया। इसके अतिरिक्त दो अन्य महिलाओं के साथ भी छेड़छाड़ किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई। रिपोर्ट के आधार पर थाना लालघाटी में अपराध क्रमांक 160/2026 पंजीबद्ध कर आरोपी की तलाश प्रारंभ की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान ग्राम बड़ावदा स्थित आरोपी के घर से ब्लैकमेल एवं छलपूर्वक प्राप्त की गई राशि बरामद की गई। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने आरोपी साबिर उर्फ राजू शाह (44 वर्ष), निवासी ग्राम बड़ावदा, थाना बड़ावदा, जिला उज्जैन को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ब्लैकमेल एवं धोखाधड़ी से प्राप्त लगभग ₹90 हजार मूल्य की एक स्कूटी, एक मोबाइल फोन, पीड़िता का ड्राइविंग लाइसेंस तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं। जब्त की गई कुल मशरूका का मूल्य 4 लाख 46 हजार 300 आंका गया है।
पुलिस द्वारा आरोपी से उसके अन्य साथियों एवं संभावित अन्य मामलों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। मामले में अग्रिम विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक अर्जुन सिंह मुजाल्दे, उप निरीक्षक अंकित इटावदिया, प्रधान आरक्षक जसवंत जाटव, आरक्षक निलेश नागवंशी, भारत सिंह, महिला आरक्षक सुनीता राजपूत तथा साइबर सेल के आरक्षक अनिल सक्सेना एवं घनश्याम राजपूत की विशेष सराहनीय भूमिका रही।