चित्तौड़गढ़। जनगणना भारत सरकार का एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जो राष्ट्र के समग्र विकास एवं उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला माना जाता है। यह सुशासन एवं प्रभावी नीति निर्माण का मूल आधार है, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण सहायता मिलती है।
जिला कलेक्टर ने जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य 16 मई से 14 जून 2026 तक किया जाएगा। इस बार नवाचार के रूप में CMMS पोर्टल के माध्यम से डिजिटल जनगणना की व्यवस्था लागू की गई है।
नागरिकों की सुविधा के लिए 1 मई से 15 मई 2026 तक स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके तहत नागरिक https://se.census.gov.in
पोर्टल पर जाकर अपने परिवार की जानकारी मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से स्वयं दर्ज कर सकते हैं।
जनगणना 2011 के अनुसार जिले की कुल जनसंख्या 15,44,338 थी। आगामी जनगणना 2027 में जिले में लगभग 3000 से अधिक कार्मिक इस कार्य में भागीदारी करेंगे।
जिला कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय और जिम्मेदार सहभागिता निभाएं। उन्होंने आश्वस्त किया कि नागरिकों द्वारा दी गई सभी जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
साथ ही नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों को पूर्ण सहयोग प्रदान करें तथा सही और संपूर्ण जानकारी देकर जिले के समावेशी विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।